
बद्दी (सोलन)। शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा ने कहा कि कार्य के प्रति लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं बद्दी के हाउसिंग बोर्ड का कायाकल्प किया जाएगा। यहां पर लोगों को मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी।
शूलिनी मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने के लिए जाते समय वे बद्दी में कुछ देर के लिए रुके और इलाके के लोगों की समस्याएं सुनी। उन्होंने कहा कि बीबीएन के हाउसिंग बोर्ड में सभी सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी। हिमुडा की मधाला स्थित निर्माणाधीन कालोनी को बेहतर ढंग से तैयार किया जा रहा है। यह कालोनी स्वयं में एक मिसाल पेश करेगी।
गुल्लरवाला पंचायत के प्रधान राजेंद्र सिंह झल्ला ने हाउसिंग बोर्ड से कडुवाना के रास्ता का निर्माण करवाए जाने की मांग रखी। इसके अलावा लोगों ने मंत्री को बताया कि नगर परिषद में कई बार चक्कर काटने के बाद भी लोगों के काम नहीं हो रहे हैं। जिससे लोग काफी परेशान हैं। शहर विकास मंत्री ने लोगों की समस्याओं को सुना तथा लोगों का आश्वासन दिया कि काम के प्रति लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इससे पूर्व सामान्य निगम के निदेशक राजेश वर्मा ने मंत्री का बद्दी पहुचंने पर भव्य स्वागत किया। इस मौके पर भटोली कलां पंचायत के प्रधान अच्छरपाल कौशल, बग्गा राम तहसीलदार, नंदपुर के प्रधान रमजान मोहम्मद, गुल्लरवाला पंचायत के प्रधान राजेंद्र झल्ला, पूर्व प्रधान रामलाल, अमर सिंह खटाना, धर्मपाल धीमान, पंच मेहरदीन, संजू धीमान, चरण दास लंबरदार, लोदीमाजार के वार्ड सदस्य संजू समेत गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
