
काईस (कुल्लू)। खराहल घाटी के काईस स्थित सोयल में शनिवार रात तीन ढाई मंजिला मकान जलकर राख हो गए। बताया जा रहा है कि आग शार्ट सर्किट से भड़की। प्रशासन ने प्रभावितों को पांच-पांच हजार रुपये, कंबल, खाद्य सामग्री फौरी राहत के रूप में दे दी है। अग्निकांड में लाखों के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।
खराहल घाटी के सोयल में ढाई मंजिला तीन मकान जलकर आग की भेंट चढ़ गए। मिली जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब बुधराम, पूने राम और भाग चंद के मकान देखते ही देखते आग की भेंट चढ़ गए। कराडसू पंचायत के उप प्रधान खेख राम ठाकुर ने बताया बर्फबारी के कारण सड़क बंद होने से दमकल विभाग का वाहन भी मौके पर नहीं पहुंच सका। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते मकान राख की ढेर में तबदील हो गए। घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। एसडीएम कुल्लू सुरेश जसवाल ने बताया कि प्रभावितों को पांच-पांच हजार रुपये सहित खाद्य सामग्री फौरी राहत के रूप में दे दी है। उन्होंने बताया कि आगे भी प्रशासन अग्निपीड़ितों को हरसंभव सहायता प्रदान करेगा।
