
नई दिल्ली: वित्त मंत्री पी चिंदबरम ने कहा है कि कांग्रेस को 2014 लोकसभा चुनावों के लिए अपने प्रधानमंत्री उम्मीदवार के नाम का ऐलान करना चाहिए। एक टीवी चैनल को सोमवार को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा, ‘मेरी राय में, पार्टी (कांग्रेस) को बतौर नेता किसी को प्रोजेक्ट करना चाहिए जो हमारी सरकार बनने की स्थिति में प्रधानमंत्री बनेगा। यह मेरा विचार है, पर फैसला पार्टी को करना है।’
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री 3 जनवरी को सुबह 11 बजे एक प्रेस कांफ्रेंस करेंगे उन्होंने कहा कि मौजूदा लोकसभा और विधानसभा चुनावों में वोटर नेता का नाम जानना चाहते हैं। उन्होंने कहा, ‘पिछले 15-20 सालों में मैंने यही ऑब्जर्व किया है। कई राज्यों के चुनाव में पार्टी ए और पार्टी बी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवारों में सीधा मुकाबला हुआ है।’ उन्होंने कहा, ‘तमिलनाडु में हम यह करीब 30 सालों से देखते आ रहे हैं।’
