कांग्रेस की रैली ने किया पैदल

हमीरपुर। परिवहन निगम के हमीरपुर डिपो की 57 बसें बुधवार को कांग्रेस की रैली में दौड़ी। इससे डिपो के कुल 28 रूटों पर बस सेवाएं ठप रही। इनमें 25 लोकल रूट शामिल हैं। जबकि शिमला, अमृतसर और लुधियाना को चलने वाली बस सेवा की हमीरपुर से नहीं चली। नियमित बस सेवाएं नहीं चलने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
हमीरपुर डिपो में कुल 97 निगम की बसें हैं। जो कुल 124 रूटों पर दौड़ती हैं। इनमें 96 लोकल और 28 लंबे रूट शामिल हैं। लेकिन मंगलवार को हमीरपुर में कांग्रेस की रैली में बसों के पहुंचने से डिपो से कुल 28 रूट प्रभावित हुए हैं। इनमें 25 लोकल और तीन लांग रूट शामिल हैं। इससे यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने में काफी मशक्कतों का सामना करना पड़ा है। यात्रियों में नरेश कुमार, विधि चंद, रोशन लाल, अमर सिंह, प्रदीप कुमार, दीपक शर्मा, सुरेश कुमार, राजीव कुमार, विद्या देवी आदि का कहना है कि निगम की बसों के निर्धारित रूटों पर न चलने से उन्हें घंटों बसों का इंतजार करना पड़ा है। इससे महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को दिक्कतों से जूझना पड़ा। लोकल रूटों में हमीरपुर से सुजानपुर, हमीरपुर से अवाहदेवी, हमीरपुर से सुजानपुर वाया कोट चौरी, हमीरपुर से नादौन और हमीरपुर से धनेटा आदि रूटों पर बसें नहीं दौड़ सकी है। इसके अलावा हमीरपुर से अमृतसर, हमीरपुर से शिमला और हमीरपुर से लुधियाना आदि लांग रूटों पर निगम की बसें नहीं दौड़ी। इससे लोकल के साथ-साथ लांग रूटों पर भी यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी है।
उधर, आरएम प्रदीप कुमार का कहना है कि रैली में कुल 57 बसें भेजी गई है। इससे निगम के 28 रूट प्रभावित हुए हैं। इसमें तीन लंबे रूट भी शामिल हैं।

Related posts