कांगड़ा सुरंग का जल्द होगा विस्तार

धर्मशाला। तपोवन विधानसभा भवन में शीतकालीन सत्र के अंतिम दिन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि एनएच-88 में दौलतपुर चौक के पास निर्मित पुरानी सुरंग का जल्द ही विस्तारीकरण किया जाएगा। 79 मीटर लंबी इस सुरंग से बड़े वाहन नहीं गुजर पाते। जिसके चलते कांगड़ा जिले में स्थापित उद्योगों के विकास में भी दिक्कत आ रही है। यह दिक्कत अब जल्द ही दूर हो जाएगी। सीएम ने कहा कि यह मामला रीजनल ऑफिसर एमओआरटी एंड एच चंडीगढ़ से विचार-विमर्श करके आगामी वर्ष की वार्षिक योजना में प्रस्तावित किया जाएगा, ताकि इस संदर्भ में मंत्रालय से विचार-विमर्श किया जा सके और इस सुरंग का निर्माण राष्ट्रीय राजमार्ग के मानकों अनुरूप किया जा सके। कांगड़ा हलके के विधायक पवन काजल ने नियम 324 के तहत सदन में इस मामले को उठाया। जिसके जवाब में सीएम ने सुरंग के विस्तारीकरण को आवश्यक बताते हुए आगामी योजना में शामिल करने को हामी भरी है।
सदन की कार्यवाही में पवन काजल ने कहा कि सुरंग से भारी गाड़ियां नहीं निकल पातीं। जिससे जिला कांगड़ा के नगरोटा बगवां और कांगड़ा समेत अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में लगे उद्योगों को बढ़ावा मिलने में कठिनाइयां आ रही हैं। भारी गाड़ियों का सामान सुरंग के बाहर ही उतारना पड़ता है और यहां से छोटी गाड़ियों में भरकर इसे सुरंग पार लाना पड़ रहा है। जिससे समय की बर्बादी और खर्चा अत्यधिक वहन करना पड़ रहा है। कांगड़ा औद्योगिक क्षेत्र पर इसका विपरीत असर पड़ रहा है। जिस पर सीएम ने सुरंग के जल्द विस्तारीकरण करने की हामी भर दी।

Related posts