
अल्मोड़ा। पौष माह के पहले रविवार से नगर में बैठकी होली शुरू हो गई हैं। श्री लक्ष्मी भंडार ‘हुक्का’ क्लब में नगर के प्रमुख होल्यारों ने होली गायन करके पौष की पहली होली का शुभारंभ किया। देर रात तक श्रोताओं ने होली गीतों का आनंद लिया।
हुक्का क्लब में आयोजित बैठकी होली में लक्ष्मी भंडार के सचिव वरिष्ठ रंगकर्मी शिवचरण पांडे ने राग श्याम कल्याण में ‘कहा विध रास रचाऊं, मोहन मन लीन्हो’ से बैठकी होली की शुरुआत की। इसके बाद शिवराज शाह ने राग कॉफी में ‘नील वरण घनश्याम रघुवर, माधुरी मूरत मोहनी सूरत’ होली गाई। अन्य होल्यारों ने भी अलग-अलग रागों में होली का गायन किया। तबले पर धरणीधर पांडे, चंदन आर्या, मनीष पांडे, दिनकर पांडे ने संगत की।
उल्लेखनीय है कि अल्मोड़ा समेत कुमाऊं के कई क्षेत्रों में परंपरागत रूप से बैठकी होली का गायन होता है। पौष के पहले रविवार से लेकर शिवरात्रि तक भक्ति और वैराग्य के पद गाए जाते हैं। बसंत पंचमी से श्रंगार रस पर आधारित रचनाओं का गायन होता है। इस प्राचीन परंपरा को मूल स्वरूप में बनाए रखने के लिए अल्मोड़ा में श्री लक्ष्मी भंडार हुक्का क्लब से जुड़े रंगकर्मी लंबे समय से प्रयासरत हैं।
