
चंबा। शहर के हरदासपुरा वार्ड में बारिश के कारण कहीं पर सड़कें बह गईं हैं तो कहीं पर डंगे ढह गए हैं। इस कारण नगर परिषद को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक पिछले दिनों हुई बारिश के कारण नगर परिषद के हरदासपुरा वार्ड में लगभग आधा दर्जन सड़कें क्षतिग्रस्त हुईं हैं। इसके अलावा जगह-जगह से डंगे ढहने के कारण परिषद को लगभग लाखों रुपये की क्षति हुई है। सबसे ज्यादा नुकसान नगर परिषद को टिकरू-मच्छेड़ी मोहल्ला में हुआ है। यहां पर भारी भूस्खलन हुआ है। इस कारण पैदल रास्ता क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके साथ ही जगह-जगह डंगे ढह गए हैं। डंगे ढहने के कारण कुछ स्थानों पर मकान भी खतरे की जद में आ गए हैं। उधर, नप अध्यक्ष अनीता ठाकुर ने बताया कि हरदासपुरा वार्ड में बारिश के कारण काफी क्षति हुई हैं। इस कारण नगर परिषद को लगभग 11 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद के कनिष्ठ अभियंता की ओर से मौके का निरीक्षण किया गया है और नुकसान का आंकलन कर रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। उन्होंने कहा कि नप की ओर से जिला प्रशासन से बजट की मांग की जाएगी और क्षतिग्रस्त सड़कों की जल्द मरम्मत करवाई जाएगी। इसके अलावा डंगे भी लगाए जाएंगे।
