करंट से ज्यादा बिल ने दिया झटका

चंबा। जिला मुख्यालय के साथ लगती हरिपुर पंचायत में विद्युत वोल्टेज बढ़ने से हुए नुकसान का दंश झेल रहे स्थानीय निवासियों को करंट से ज्यादा झटका अब बिजली के बिल देख कर लगा है। कुछ ग्रामीणों के बिजली के बिल पिछली बार की तुलना में इस बार हजारों रुपये ज्यादा आए हैं। पहले जहां इन उपभोक्ताओं का बिजली का बिल तीन सौ रुपये के करीब आता था, इस बार वह आठ हजार रुपये पहुंच गया है। हालांकि ऐसा तकनीकी कारणों से हुआ है, मगर बढ़े हुए बिलों ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। बताया जा रहा है कि जब बिजली का वोल्टेज बढ़ा था, तो मीटरों की रीडिंग में भी भारी इजाफा हो गया। इस कारण जब इलेक्ट्रानिक मशीन से बिल काटा गया तो यह हजारों रुपये आया है। राकेश कुमार का बिजली का बिल आठ हजार रुपये, रमेश कुमार का 4800 रुपये, राम प्रकाश का 2500 रुपये, गौरी प्रसाद का 6000 रुपये, धर्म सिंह और सविता का करीब 2500 रुपये बिल आया है। इसी तरह अन्य ग्रामीण भी बढ़े हुए बिल आने की शिकायत कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उनका बिल पांच सौ रुपये से कम आता था। उन्होंने बोर्ड से बिल कम करने की मांग की है। पंचायत की प्रधान अनीता कुमारी ने बताया कि इसकी जानकारी विद्युत बोर्ड के अधिकारियों को दी गई है। अधिकारियों ने बिल कम करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों से बिजली के मीटर भी बदलने की मांग की गई है। वहीं, विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता एमएल शर्मा ने बताया कि उन्हें बिल जयादा आने की शिकायत मिली है। इस पर ग्रामीणों को बिजली बिल न भरने को कहा गया है। इन बिलों को पुराने बिलों के आधार पर एडजस्ट करके कम किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों को इस संबंध में एसडीओ दीपक वर्मा से मिलने को कहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के बिजली के मीटर भी बदलने के निर्देश दिए गए हैं।

Related posts