
चंबा। जिला चंबा की 283 पंचायतों में रविवार को विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभाओं में पंचायत के विकास कार्यों, एफआरसी कमेटी के गठन और खाद्य सुरक्षा अधिनियम के पात्र परिवारों के चयन पर चर्चा की गई। जिला की अधिकांश पंचायतों में कोरम पूरा न होने की बात कही जा रही है। ग्राम पंचायत हिमगिरी में साहब सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में सफल आयोजन किया गया। भजोत्रा व सालवां पंचायतों में कोरम पूरा हो गया। इन पंचायतों में पचास फीसदी लोगों की उपस्थित न होने के कारण एफआरसी कमेटी का गठन नहीं हो पाया। सेरी, बाड़का, मोड़ा में कोरम पूरा नहीं हो पाया है। चंबा ब्लॉक की 39 पंचायतों में से अधिकांश पंचायतों में कोरम पूरा न होने की बात कही जा रही है। बीडीओ चंबा मोहन शर्मा ने बताया कि उन्होंने कुछ पंचायत प्रधानों व सचिवों से ग्राम सभा के बारे में संपर्क किया तो ग्राम सभा का कोरम पूरा न होने की सूचना मिली। सूलणी की ग्राम पंचायत में कोरम पूरा हो गया और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत ब्याणा पंचायत में 12 पात्र परिवारों का चयन किया गया।
इंसेट ….
नहीं हुआ समिति का गठन
भरमौर (चंबा)। उपमंडल भरमौर की 29 पंचायतों में ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम पंचायत उल्लांसा में प्रधान विजय कपूर की अध्यक्षता में ग्राम सभा का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत पात्र परिवारों का चयन किया गया। 50 फीसदी लोगों की भागीदारी न होने कारण वन अधिकार समिति का पंचायत में गठन नहीं हो पाया। भरमौर क्षेत्र में बीएसएनएल की लचर व्यवस्था के कारण भरमौर में ग्राम सभा के कोरम के बारे में सूचना नहीं मिल पाई। ग्राम सभा के आयोजन की सूचना लेने के लिए विभागीय अधिकारी पूरा दिन फोन पर संपर्क करते रहे। सदर पंचायत भरमौर में कोरम पूरा नहीं हो पाया। ग्राम पंचायत गरोला में कोरम पूरा हो गया है।
इंसेट …..
पांच पंचायतों में नहीं हुआ पूरा
जडेरा (चंबा)। जिला परिषद जडेरा वार्ड के तहत आने वाली ग्राम पंचायत जडेरा, बरौर, साहो, रजिंडू, परोथा में ग्राम सभा का कोरम पूरा नहीं हो पाया है। जडेरा पंचायत के प्रधान मान सिंह ठाकुर व बरौर के प्रधान विजय भारद्वाज ने बताया कि जडेरा पंचायत में कोरम पूरा न होने के कारण ग्राम सभा नहीं हो पाई।
