ओलंपिक में हॉकी टीम ने रचा इतिहास, जीत के साथ ही झूमे खेल प्रेमी

ओलंपिक में हॉकी टीम ने रचा इतिहास, जीत के साथ ही झूमे खेल प्रेमी

चंडीगढ़
गुरुवार की सुबह हॉकी प्रेमियों के लिए जश्न का संदेश लेकर आई। भारत ने 41 साल बाद ओलंपिक में हॉकी में कांस्य पदक जीत लिया है। भारतीय हॉकी टीम ने जर्मनी को मात दी। इस जीत के साथ ही पंजाब और हरियाणा में जश्न शुरू हो गया। मैच में शुरुआत में पिछड़ने के बाद भारत ने जोरदार वापसी की और पदक अपने नाम कर लिया। 

मैच में पंजाब के गांव चाहलकलां के मूल निवासी खिलाड़ी सिमरनजीत सिंह ने गोल कर भारत को बढ़त दिलाई। सिमरनजीत के परिजनों की खुशी का कोई ठिकाना नहीं है। अब सिमरनजीत व उनका परिवार उत्तर प्रदेश के पीलीभीत के मझोला कस्बे के रहता है। उनकी शुरुआती पढ़ाई भी पीलीभीत में ही हुई लेकिन उसके बाद वो पंजाब आ गए थे।

सिमरनजीत सिंह पंजाब में अपने रिश्तेदार के घर रहते और वहीं से हॉकी का प्रशिक्षण भी लेते। इसलिए गांव चाहलकलां में भी खुशी का माहौल है। गांव में सिमरनजीत सिंह के ताया का परिवार रहता है। ताया के बेटे सतिंदर सिंह व उनके परिजनों ने खुशी जाहिर की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर भारतीय हॉकी टीम की जीत की खुशी का जश्न भी मनाया। लोग भी भारतीय हॉकी टीम को गोल्ड मेडल जीतने के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं।

वहीं मैच में गोल दागने वाले पंजाब के रुपिंदर पाल सिंह के माता-पिता ने टीम की जीत पर वाहेगुरु का शुकराना अदा किया। अनुभवी ड्रैग फ्लिकर रुपिंदर पाल सिंह मूल रूप से फरीदकोट के बाबा फरीद एवेन्यू के रहने वाले हैं। रुपिंदर के बेहतरीन प्रदर्शन से उनके परिवार व रिश्तेदारों के साथ खेल प्रेमियों में खुशी है। रुपिंदर पाल सिंह के पिता हरिंदर सिंह ने कहा कि वाहेगुरु ने ये बेहतरीन पल दिखाया है। अब जश्न भी मनाएंगे। उनकी मां सुखविंदर कौर को पूरा यकीन था कि रुपिंदर व उनके टीम के साथी सर्वश्रेष्ठ खेल का प्रदर्शन करेंगे। मां इसके लिए दिन-रात दुआएं मांग रहीं थीं। 

जालंधर के खुसरोपुर गांव के रहने वाले भारतीय हॉकी टीम के स्टार मिडफील्डर हार्दिक सिंह का कमाल गुरुवार को भी दिखा। भारतीय पुरुष हॉकी टीम के पदक में हार्दिक के गोल का भी योगदान है। मैच से पहले हार्दिक की पिता वरिंदरप्रीत सिंह से फोन पर बात हुई थी। पिता ने उन्हें कहा था कि मैच बढ़िया होगा। इसलिए वह पूरे मनोबल के साथ मैदान में उतरे। टीम इंडिया की जीत के बाद से हार्दिक के घर में खुशी का माहौल है। गांव के लोगों के अलावा रिश्तेदार और दोस्त परिवार को बधाइयां दे रहे हैं।

हॉकी टीम के कप्ताल मनप्रीत सिंह जालंधर के गांव मिट्ठापुर के रहने वाले हैं। गुरुवार को टीम की जीत के साथ ही ग्रामीणों ने जमकर जश्न मनाया। मनप्रीत सिंह की मां मंजीत कौर बेटे की सफलता से गदगद हैं। मंजीत कौर ने बताया कि मुझे अपने बेटे पर गर्व है। यह पल मेरे लिए यादगारी लम्हे की तरह रहेगा।

Related posts