
शिक्षा निदेशालय ने कीर्ति नगर स्थित निजी स्कूल एसडी पब्लिक स्कूल की मान्यता को रद्द कर दिया है। शिक्षा निदेशालय की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है।
मान्यता रद्द होने के साथ ही स्कूल सत्र 2014-15 के लिए दाखिले नहीं कर सकता है। फिलहाल स्कूल में जो बच्चे पढ़ रहे हैं। उन्हें पास के ही किसी सरकारी स्कूल में समायोजित किया जाएगा।
स्कूल को निदेशालय की ओर से 14 जनवरी 2013 को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया था। नोटिस में स्कूल प्रबंधन से पूछा गया था कि क्यों न वर्ष 2013-14 में ही स्कूल की मान्यता को रद्द कर दिया जाए।
स्कूल संचालकों की ओर से कारण बताओ नोटिस का जवाब भी दिया गया। लेकिन निदेशालय उससे असंतुष्ट था, जिसके बाद मान्यता रद्द करने का कदम उठाया है। इस संबंध में शिक्षा निदेशक अमित सिंघला की ओर से आदेश जारी कर दिए गए हैं।
दरअसल, बिना निदेशालय की मंजूरी के एसडी पब्लिक स्कूल को एसडी हायर सेकेंडरी स्कूल में मिला दिया गया। निदेशालय ने इसे दिल्ली एजुकेशन एक्ट(1973) के नियम 50(छ) और नियम 55(एक) का उल्लंघन पाया है।
निदेशालय की ओर से स्कूल को साफ किया गया है कि इस संबंध में स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों को सूचित किया जाए कि 31 मार्च 2014 के बाद स्कूल की मान्यता रद्द की जा रही है
