
केलांग। एटीएम कार्ड रिन्यूवल की आड़ में दक्षिण भारत के एक कोने में बैठकर शातिर एक शख्स के बैंक खाते से हजारों रुपये उड़ा ले गया। पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन आरंभ कर दी है। साथ ही पुलिस महकमे ने लोगों को ऐसी अनजान फोन कॉल से सावधान रहने की भी हिदायत दी है। विभागीय अधिकारियों ने चेताया है कि फोन पर किसी को भी एडीएम कार्ड की जानकारी न दें।
पुलिस के मुताबिक फर्जी फोन कॉल के झांसे में आकर लोनिवि चिनाब डिवीजन में तैनात एक सरकारी कर्मचारी तीस हजार रुपये गंवा बैठा है। विभाग के कर्मी केशव राम के मोबाइल पर बीते सोमवार 077618119954 नंबर से कॉल आई। फोन कॉल करने वाले शख्स ने बताया कि वह मुंबई से एसबीआई एटीएम कार्ड विंग से बात कर रहा है। शातिर ने केशव राम को बताया कि उनके एटीएम कार्ड की रजिस्ट्रेशन अवधि समाप्त होने जा रही है। लिहाजा कार्ड को रिन्यू किया जाना है। शातिर ने केशव राम के कार्ड में अंकित 16 नंबरों का डिजिट मांगा। झांसे में आकर केशव राम ने नंबर बता दिया। दूसरे दिन सुबह करीब दस बजे उनके बैंक खाते से तीस हजार रुपये की निकासी का संदेश आया। इस पर केशव राम एसबीआई की उदयपुर शाखा में पहुंचे। यहां बैंक खाते की जांच करने पर मालूम हुआ कि दक्षिण भारत के केरल के किसी एटीएम से शातिरों ने उनके बैंक खाते से यह पैसे निकाले हैं। केशव राम ने इसकी मौखिक शिकायत उदयपुर थाने में की है।
एसपी लाहौल-स्पीति जी सिवा कुमार ने कहा कि शातिरों ने जिस मोबाइल नंबर से केशव को फोन किया उसे ट्रेस किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि ऐसे फर्जी कॉल से सावधान रहें।
