
सरकाघाट (मंडी)। एटीएम कार्ड बदलकर एक शातिर युवक ने महिला को हजारों रुपये का चूना लगा दिया। युवक एटीएम कार्ड को बदलकर फरार हो गया। इसके बाद दूसरे एटीएम में जाकर महिला के खाते से 39 हजार रुपये निकाल लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार पंजाब नेशनल बैंक की सरकाघाट शाखा से शातिर युवक महिला का एटीएम कार्ड बदलकर फरार हो गया। महिला का सरकाघाट में मायका है। बिलासुपर जिले के झंडूता में शादी हुई है। गत रोज मायके आने पर महिला पीएनबी के एटीएम से पैसे निकालने आई थी। पैसे निकालने में सफल नहीं हुई। पास ही एक युवक हाथ में एटीएम लिए खड़ा था। युवक ने महिला की मदद करने के बहाने उसके एटीएम का कोड पूछ लिया। इसके बाद मशीन में अपना एटीएम कार्ड डालकर महिला का बताया कोड डाल दिया। लेकिन न तो एटीएम चला और न ही पैसे निकले। इस बीच युवक ने एटीएम कार्ड बदल दिया। कुछ देर बात आरोपी ने दूसरे एटीएम में जाकर महिला के खाते से 39 हजार रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर संदेश देखकर महिला के होश उड़ गए। डीएसपी संजीव भाटिया ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भादंसं की धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस जांच कर रही है।
