
ऊना। एचआरटीसी कर्मचारियों की बैठक संयुक्त समन्वय समिति के प्रदेशाध्यक्ष शंकर सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। इस मौके पर कर्मचारियों की मांगों और समस्याओं पर मंथन किया गया। प्रदेश सरकार और निगम प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी इस दौरान हुई। शंकर सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के सभी डिपुओं में कर्मचारियों की कमी के कारण रोजाना सैकड़ों रूट रद किए जाते हैं। इससे एचआरटीसी को लाखों रुपए का नुकसान झेलना पड़ रहा है। परिवहन मंत्री वैट लीजिंग को लेकर सरमाएदारों के हितों की पैरवी कर रहे हैं। बचे हुए कर्मचारियों में तबादलों को लेकर खौफ है। उन्होंने परिवहन मंत्री को वैट लीजिंग की जिद छोड़कर तुरंत भर्ती प्रक्रिया को शुरू की मांग की। उन्होंने कहा कि 5 माह बीतने के बाद भी परिवहन मंत्री निर्णायक फैसला लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठा पाए हैं। एचआरटीसी में कर्मचारियों की एकजुटता ही एचआरटीसी की सुरक्षा की गारंटी है। राजनेताओं का प्यार तो बनावटी है। आने वाले समय में सभी कर्मचारियों को बड़े आंदोलन के लिए जुटना होगा।
इस अवसर पर ज्ञान चंद, मुख्तियार सिंह, कर्म चंद, संदीप कुमार, केवल सिंह, सुरेंद्र कुमार, कुलदीप, कुलवंत सिंह, भोला सिंह, राजेश, विक्रम, पंकज, अरूण कुमार, संजीव कुमार, मनोज कुमार सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे।
