
ऊना(विवेक त्रिपाठी)इंदिरा गांधी मैदान में यूथ प्रोमोटर एंड कल्चर क्लब के टी-20 क्रिकेट महासंग्राम में रविवार को पहले मैच में डीसीए ऊना ने साबी इलेवन होशियारपुर को 6 विकेट से हरा दिया। ऊना ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। होशियारपुर की टीम ने रविंद्र के 42, शिवलव और जोंटी के 22-22 रनों की मदद से 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 123 रनों का स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीसीए ऊना ने 16 ओवर में 4 विकेट खोकर 124 रन बनाए। टीम के लिए अंकित कलसी ने 51, नितिन ने 25 और जरनैल ने 23 रनों का योगदान दिया। दूसरे मैच में साबी इलेवन को एलबी शास्त्री क्रिकेट अकादमी दिल्ली के हाथों 8 विकेट से शिकस्त झेलनी पड़ी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी साबी इलेवन की टीम 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 102 रन ही बना पाई। शिवलव ने 35 और सर्वजीत ने 25 रनों का योगदान दिया। दिल्ली के अजहरुद्दीन और नितिन तनवर ने 2-2 विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम ने 10.4 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 103 रन बनाकर मैच 8 विकेट से अपनी झोली में डाल लिया।
