
बाकुबाः इराक के पूर्वोत्तर शहर मुओडडिया में आज एक गैस पाइप लाइन में काम कर रहे कर्मचारियों पर बंदूकधारियों ने अंधाधुंध गोलियां चलाई, जिससे 18 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में अधिकतर ईरानी नागरिक बताए गए हैं।
आधिकरिक सूत्रों ने बताया कि गोलीबारी की घटना उस समय हुई जब तेल एवं गैस कंपनी की एक पाइप लाइन में काम चल रहा था। इसी दौरान कुछ बंदूकधारी मौके पर पहुंचे और वहां काम कर रहे लोगों पर लगातार गोलियां चलानी शुरू कर दी। गोलीबारी में 18 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 15 लोग ईरान से काम करने आए कर्मचारी थे। घटना में आठ लोग घायल भी हुए हैं।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी और हमले में घायल इब्राहीम अजीज ने बताया कि वह और उसके कुछ साथी पाइन लाइन को बढाने के लिए गढ्ढा खोदने के काम में लगे थे। तभी तीन कारों में सवार हमलावर वहां पहुंचे तथा गढ्ढे में उतरे और बाहर खडे लोगों पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। राजधानी बगदाद से लगे इलाकों में कार बम विस्फोट की अलग अलग घटनाओं में 11 लोग मारे गए जबकि 14 अन्य घायल हुए हैं।
दक्षिणी बगदाद के बाहरी इलाके नहरावन में कार बम विस्फोट में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई तथा 14 लोग घायल हो गए। बगदाद के दक्षिण में मदाएन शहर में इसी तरह की कार बम विस्फोट की एक अन्य घटना में छह लोग मारे गए हैं। फिलहाल किसी आतंकवादी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है लेकिन सुरक्षा अधिकारियों ने इलाके में सक्रिय अल कायदा से जुडे सुन्नी मुस्लिम समूह का इस हमले के पीछे हाथ होने की आशंका जाहिर की है। संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट के मुताबिक इराक में हिंसा की साल दर साल बढोतरी हो रही है तथा गत वर्ष ही आठ हजार से भी अधिक लोग यहां मारे जा चुके हैं।
