
इस्लामाबाद: पाकिस्तान के पूर्व प्रधान न्यायाधीश इफ्तिखार चौधरी ने अपने लिए पुख्ता सुरक्षा और बुलेटप्रूफ वाहन की मांग की है। पाकिस्तानी गृह मंत्रालय ने इस्लामाबाद पुलिस को आदेश दिया है कि चौधरी को पूरी सुरक्षा मुहैया कराई जाए।
बीते बुधवार को चौधरी छह साल से अधिक समय तक प्रधान न्यायाधीश के पद पर बने रहने के बाद सेवानिवृत्त हुए। स्थानीय मीडिया के अनुसार मंत्रालय ने कैबिनेट प्रकोष्ठ को पत्र लिखकर कहा है कि चौधरी को बुलेटप्रूफ वाहन मुहैया कराए जाए। पद पर रहने के दौरान ही चौधरी को पुख्ता सुरक्षा प्रदान की जाती थी।
