
शिमला। सर्दियों में बिजली संकट न हो, इसके लिए इधर की बिजली उधर देकर काम चलाने की तैयारी है। जतोग सब स्टेशन में ओवरलोडिंग बढ़ने के चलते शिमला में सुबह और शाम बिजली कट लगाए जाएंगे। कट लगाने के लिए बिजली बोर्ड के अफसर क्षेत्रवार सूचियां बनाने में जुट गए हैं। वीरवार को अघोषित विद्युत कट के बजाय बिजली बोर्ड घोषित कट लगाने का फैसला सार्वजनिक करेगा।
हर साल सर्दियों के मौसम में शिमला में बिजली की किल्लत होती है। सर्द मौसम के चलते घरों में हीटर, गीजर का अधिक इस्तेमाल होता है। ऐसे में सब स्टेशनों में ओवर लोडिंग बढ़ जाती है। ओवरलोडिंग बढ़ने के चलते ट्रिपिंग बढ़ जाती है। इसके चलते कई क्षेत्रों में बिजली गुल रहती है। इससे निपटने के लिए बिजली बोर्ड ने अब क्षेत्रवार कट लगाने का फैसला लिया है। इस फैसले के मुताबिक ओवरलोडिंग बढ़ने पर थोड़ी-थोड़ी देर के लिए सभी क्षेत्रों में बिजली का कट लगाया जाएगा।
…
छह नए सब स्टेशन बनाने का काम भी रुका
शहर में छह जगह 33 केवी के सब स्टेशन लगाने में जुटे बिजली बोर्ड की योजनाओं पर सरकारी औपचारिकताओं ने ब्रेक लगा दी है। इन सब स्टेशनों के बनने से फाल्ट आने की स्थिति में सिर्फ थोड़े से क्षेत्र में बिजली कट लगना था। लेकिन अब अगर किसी एक क्षेत्र में फाल्ट आया तो सारे शहर की बिजली गुल हो जाएगी। शहर में अभी तक सिर्फ दो सब स्टेशनों को स्थापित करने का काम शुरू हुआ है। ईदगाह, संजौली, भट्ठाकुफर, बड़ा गांव, तारादेवी और समरहिल में सब स्टेशन लगाना प्रस्तावित है। समरहिल और भट्ठाकुफर में तो सब स्टेशन लगाने का काम शुरू हो गया है। लेकिन बड़ा गांव में राजस्व विभाग की क्लीयरेंस, तारादेवी में पेड़ काटने की क्लीयरेंस नहीं मिल रही है। इसके अलावा ईदगाह सब स्टेशन का काम टेंडर अवार्ड करने की प्रक्रिया में उलझा हुआ है। संजौली सब स्टेशन के लिए अभी ड्राइंग बनाने का काम चल रहा है। बिजली बोर्ड को यह सभी सब स्टेशन मार्च 2014 से पहले चालू करने थे।
पीक आवर्स मे आती है परेशानी
कसुम्पटी डिवीजन के अधिशासी अभियंता रुमेल सिंह ने बताया है कि शहर में बिजली संकट न हो, इसके लिए पीक आवर्स में कट लगाने की योजना है।
