इंडक्शन चूल्हे के नाम पर ठगने वाला धरा

बद्दी (सोलन)। इलाके की एक जागरूक महिला ने बद्दी में इंडक्शन चूल्हे के नाम पर लोगों को ठगने वाले शातिर को खूब सबक सिखाया। बेहतर गुणवत्ता का दावा करके दस गुणा अधिक कीमत पर चूल्हा बेचने का विरोध महिला ने किया। उसकी देखा देखी में अन्य लोग भी विरोध करने लगे। बात बढ़ी और पुलिस तक जा पहुंची। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शातिर को हिरासत में ले कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार स्वयं को दिल्ली का बताने वाले खलील सोमवार सुबह बद्दी के वार्ड नंबर दो में इंडक्शन चूल्हा बिक्री के लिए लेकर आया। यह युवक दो चूल्हे चादर में बांध कर घर-घर घूम रहा था। मना करने के बाद भी वह जबरन अपने चूल्हे लेने के लिए दबाव बना रहा था। इस दौरान युवक की कई लोगों से बहस भी हुई।
युवक चूल्हे की कीमत चार हजार रुपये मांग रहा था। जैसे ही कोई खरीददार मंहगा होने की बात करता तो उल्टा उसे जोर देकर कहता कि अगर इस कीमत पर उसे यह चूल्हा दिला देता है तो वह अभी दस चूल्हे खरीद लेगा। महिला रीना कुमारी से भी उसकी नोंकझोंक हुई। महिला का कहना था कि चूल्हा उसने मात्र 12 सौ रुपये में लिया है। जिस पर वह महिला से भी बहस करने लगा। उसके बाद वह स्थानीय निवासी आदित्य से भी बहस करने लगा। जिस पर आदित्य ने बिना बिल के चूल्हा बेच रहे युवक को पुलिस के हवाले किया। वहीं डीएसपी अमित शर्मा ने बताया कि पुलिस उक्त व्यक्ति से पूछताछ कर रही है।

Related posts