

नॉटिंगमः इंगलैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने भी हिन्दी का लोहा मानते हुए भारत के खिलाफ चल रही टैस्ट सीरीज के दौरान अपने कुछ ट्वीट हिन्दी में करने का फैसला किया है। ईसीबी के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर ट्रेंटब्रिज में चल रहे पहले टैस्ट मैच के शुरू से ही बीच में हिन्दी में ट्वीट किए जा रहे हैं। दूसरे दिन का खेल खत्म होने पर उसने ट्वीट किया, ”इंगलैंड ने भारत के 457 रन के जवाब में दूसरा दिन 43-1 पर खत्म किया।”
दिलचस्प तथ्य यह है कि ई.सी.बी. अपने ट्वीट न सिर्फ हिन्दी में कर रहा है बल्कि वह इसमें हिन्दी के अंकों का भी इस्तेमाल कर रहा है। तीसरे दिन के खेल में भी ई.सी.बी. ने फिर से हिन्दी प्रेमियों का ध्यान रखा।
लंच के बाद उसने ट्वीट किया, ”इंगलैंड दोपहर के भोजन पर 131-1, रॉबसन और बैलेंस दोनों नाबाद 59 पर बल्लेबाजी कर रहे हैं।” हिन्दी में ट्वीट पर लोगों की जबर्दस्त प्रतिक्रिया आ रही है। ट्वीट आ रही प्रतिक्रिया का ई.सी.बी. जवाब भी दे रहा है। ई.सी.बी. ने लोगों की हैरानी पर कहा कि यह एक प्रयोग है। हिन्दी में ट्वीट पर जिन लोगों ने खुशी जाहिर की उन्हें ई.सी.बी. शुक्रिया भी कह रहा है।
ऐसा पहली बार हुआ है जब इंडिया के साथ मैच के अपडेट इंगलैंड क्रिकेट बोर्ड के ऑफिशल ट्विटर अकाउंट पर हिन्दी में भी दिए जा रहे हैं। जो काम ई.सी.बी. ने कर दिखाया वह देश का क्रिकेट बोर्ड बी.सी.सी.आई. ने भी आज तक नहीं किया।
