आवास से वंचित न रहें आपदा पीड़ित : दुर्गापाल

बागेश्वर। प्रभारी मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल ने कलेक्ट्रेट में जिला नियोजन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक ली। उन्होंने कहा कि चालू वित्तीय वर्ष में स्वीकृत राशि का शत प्रतिशत उपयोग होना चाहिए। आपदा से बेघर हुआ कोई भी व्यक्ति आवास से वंचित नहीं रहना चाहिए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि रोजगारपरक योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू किया जाना चाहिए। अधिकारियों को आपस में सामंजस्य बनाकर पारदर्शिता के साथ काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि चालू वर्ष में मंजूर राशि का मार्च तक शत-प्रतिशत उपयोग किया जाए और पारदर्शिता का पूरा ध्यान रखा जाए। कोई भी जरूरतमंद आवास से वंचित नहीं रहना चाहिए। जिलाधिकारी बीएस मनराल ने बताया कि जिले में आपदा से प्रभावित परिवारों में से 86 प्रतिशत के लिए वैकल्पिक आवासों की व्यवस्था कर दी गई है। कई परिवारों को गृह अनुदान की अनुमन्य राशि का भुगतान हो चुका है। कपकोट के विधायक ललित फर्स्वाण और बागेश्वर के विधायक चंदनराम दास ने उन्हें समस्याओें की जानकारी दी। बैठक में पालिकाध्यक्ष गीता रावल, पूर्व विधायक उम्मेद सिंह माजिला, सांसद प्रतिनिधि सुरेश लाल साह, राज्य सभा सांसद के प्रतिनिधि राम सिंह कोरंगा, पूर्व प्र्रमुख राजेंद्र टंगड़िया आदि ने भाग लिया।
अगले साल के लिए 44.73 लाख का परिव्यय
बागेश्वर। वित्तीय वर्ष 2014-15 की जिला योजना के लिए कुल 44 करोड़ 73 लाख का परिव्यय मंजूर किया गया। इसमें से लोनिवि के लिए 1040 लाख, कृषि में 40 लाख, उद्यान में 55.05 लाख, पशुपालन को 255.44 लाख, वन विभाग को 160 लाख, सिंचाई को 441.29 लाख, लघु डाल को 180 लाख, उरेडा को 99.50 लाख, पर्यटन को 130 लाख, माध्यमिक शिक्षा को 226.28 लाख, चिकित्सा को 268 लाख,पेयजल निगम को 250 लाख, जल संस्थान को 375 लाख, युवा कल्याण को 217.82 लाख, इंदिरा आवास के लिए 75 लाख की राशि प्रस्तावित है। चालू वर्ष में भी इतनी ही राशि का प्रस्ताव था।

Related posts