
इस्लामाबाद: देश के अशांत उत्तरी वजीरिस्तान इलाके में उग्रवादियों के एक परिसर को निशाना बना कर किए गए एक अमेरिकी ड्रोन हमले में कम से कम चार संदिग्ध आतंकवादी मारे गए हैं। अफगानिस्तान की सीमा से लगे उत्तरी वजीरिस्तान कबायली इलाके के मुख्य शहर मीरनशाह से लगभग पांच किलोमीटर दक्षिण में कुतुब खेल गांव लगभग मध्य रात्रि को एक उग्रवादी परिसर को निशाना बना कर यह हमला किया गया। यह इलाका तालिबान और अल-कायदा से जुड़े हुए उग्रवादियों का मजबूत गढ़ है।
स्थानीय मीडिया की खबरों के मुताबिक, अमेरिका के पायलट रहित एक विमान ने मीरनशाह में एक मकान पर दो प्रक्षेपास्त्र दागे। संदेह था कि उग्रवादी इस मकान का इस्तेमाल ठिकाने के तौर पर कर रहे हैं। हालांकि डॉन ने समाचार एजेंसी एएफपी के हवाले से मरने वालों की संख्या तीन बताई है।
डॉन ने एक वरिष्ठ सुरक्षाकर्मी के हवाले से खबर दी है कि एक अमेरिकी ड्रोन ने एक उग्रवादी परिसर पर दो मिसाइल दागे। हमले में कम से कम तीन संदिग्ध आतंकवादी मारे गए। पेशावर में एक सुरक्षा अधिकारी ने हमले और हताहतों की पुष्टि की है। मीरनशाह में एक अन्य अधिकारी ने मरने वाले लोगों की संख्या चार बताई है और कहा है कि पांचवां उग्रवादी गंभीर रूप से जख्मी है।
