आठ सरकारी स्कूलों में बताए जाएंगे नाट्य कला के गुर

कुल्लू। एक्टिव मोनाल कल्चरल एसोसिएशन कुल्लू 26 अगस्त से आठ सरकारी स्कूलों में नाट्य कार्यशालाओं का आयोजन करेगी। पंद्रह दिन तक चलने वाली कार्यशालाओं में बच्चों को कविता पाठ, कहानी बनाना, भाषण, अभिनय तथा खेल-खेल में सीखने की कला पर जोर दिया जाएगा। संस्था के निर्देशक केहर सिंह ठाकुर का कहना है कि पिछले दिनों कलाकेंद्र में आयोजित समर चिल्ड्रन थिएटर वर्कशॉप में बच्चों की भारी संख्या में प्रतिभागिता पर जोर दिया गया है। कार्यशाला में अधिक से अधिक सरकारी स्कूलों के छात्रों को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। मीनाक्षी, जीवानंद, दीन दयाल, कुलदीप, श्याम और सुरेंद्र आदि कलाकार अलग-अलग स्कूलों में कार्यशालाओं का निशुल्क संचालन करेंगे। कार्यशाला के अंत तक बच्चों की नाट्य प्रस्तुति भी तैयार की जाएगी। इसका मंचन लाल चंद प्रार्थी कलाकेंद्र में सितंबर माह में आयोजित ‘दो दिवसीय बाल नाट्योत्सव’ के रूप में किया जाएगा।

Related posts