
ऊना। तकनीकी शिक्षा बोर्ड की बड़ी लापरवाही ऊना में उजागर हुई है। आईटीआई छात्रों को उस समय भारी परेशानी झेलनी पड़ी, जब विभिन्न ट्रेडों में फाइनल परीक्षा देने पहुंचे परीक्षार्थियों को प्रश्न पत्र नहीं मिल सके। इससे आईटीआई प्रशासन के हाथ पांव फूल गए। आनन-फानन में प्रशासन को प्रश्नपत्रों की 315 फोटोस्टेट कापियां करवानी पड़ी। समय से लगभग साढ़े तीन घंटे बाद परीक्षा आरंभ हो पाई। ऊना आईटीआई में बुधवार को इलेक्ट्रिकल, फिटर, टर्नर, मोटर मेकेनिक, इलेक्ट्रॉनिक्स मेकेनिक, आईटी एंड ईएसएम और कंप्यूटर हार्डवेयर ट्रेड में दो साल का कोर्स करने वाले छात्रों की फाइनल परीक्षा थी।
दोपहर ढाई बजे तक पेपर शुरू होने के समय प्रश्नपत्रों के बंडल खोले गए तो इसमें इलेक्ट्रिकल ट्रेड और फिटर ट्रेड के प्रश्न पत्र कम पाए गए। इलेक्ट्रिकल ट्रेड के 265 प्रश्न पत्र तथा फिटर ट्रेड के 40 प्रश्न पत्र कम थे। आईटीआई प्रशासन को आनन-फानन में बीच में परीक्षा को रोकना पड़ा। उसी समय आईटीआई स्टाफ ने मिलकर सभी प्रश्नपत्रों की फोटोस्टेट कापियां करवाने का फैसला लिया। इसके लिए तीन घंटे का समय लग गया। परीक्षा शाम सवा पांच बजे शुरू हुई। अंकित, रणजीत, दीपक, निखिल, अंकित, संजय ने बताया कि उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ा।
—
उधर, प्रदेश तकनीकी शिक्षा निदेशक राजेश्वर गोयल ने कहा कि डीजीईटी दिल्ली से ही प्रश्नपत्र कम आए थे। इस कारण दिक्कत हुई है। प्रश्नपत्रों को फोटोस्टेट करवाने की सूचना मिली है।
