अस्तियां बहाने गया प्रेमू हरिद्वार में लापता

गोहर (मंडी)। नाचन की नौण पंचायत का एक व्यक्ति हरिद्वार में लापता हो गया है। 29 अप्रैल को नौण गांव से अपने रिश्तेदार की अस्थियां बहाने एक परिवार के आधा दर्जन से अधिक सदस्य गए थे। इसमें प्रेमू राम भी शामिल था। हरिद्वार पहुंचने पर अचानक प्रेमू राम कहीं लापता हो गया।
कातकू राम निवासी नौण ने गोहर पुलिस थाना में अपने पिता प्रेमू राम की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। कातकू राम ने पुलिस को दी सूचना में बताया कि 28 अप्रैल को वह अपने परिवार के सदस्यों के साथ अपने नाना के देहांत होने के बाद उनकी अस्थियां बहाने के लिए हरिद्वार गए थे। यहां हर की पैड़ी में नहाने के लिए जब वे गए तो उन्होंने प्रेमू राम को पास में बिठाया। वे नहाकर लौटे तो प्रेमू राम वहां से गायब था। इससे परिवार के सभी सदस्य परेशान हो गए। परिजनों ने प्रेमू राम को इधर उधर तलाश किया लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। थक हार कर जब वे घर लौटे तो गोहर पुलिस में इस बारे में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। थाना प्रभारी गोहर नवीन झालटा ने बताया कि पीड़ित परिवार को इस संबंध में हरिद्वार पुलिस थाना में रपट दर्ज करवाने को कहा है। कहा कि पुलिस लापता व्यक्ति का सुराग पता लगाने का प्रयास कर रही है।

Related posts