अवैध खनन करते दो श्रमिक गिरफ्तार

कोटद्वार। वन विभाग ने मालन नदी में अवैध खनन करते हुए दो श्रमिकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कर्मचारियों ने उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेजने के आदेश दिए गए हैं। लैंसडौन वन प्रभाग की कोटद्वार रेंज में वन विभाग की टीम ने बुधवार दिन में मालन और सुखरों नदियों में अवैध खनन के खिलाफ छापा मारा। इस दौरान टीम ने दो लोगों खजान सिंह और अजय निवासी जिला एटा उत्तर प्रदेश हाल निवासी सिंबलचौड़ पदमपुर कोटद्वार को अवैध खनन करते हुए दबोच लिया। रेंज एसपी कंडवाल ने बताया कि पूछताछ में उन्होंने मवाकोट निवासी विक्की भंडारी के लिए रेत बजरी एकत्र करने की बात कबूली है। विभाग की दूसरी टीम ने क्षेत्र से दो ट्रैक्टर-ट्राली सीजकर उन्हें रेंज कार्यालय में खड़ा करवा दिया है। बताया कि खनन करने वाले टीम देखकर भाग खडे़ हुए।

Related posts