
अमृतसर: अपने विवादास्पद बयानों के लिए सुर्ख़ियों में रहने वाले भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी अल्पसंख्यकों के लिए गंभीर खतरा बन गए हैं। अगर वह प्रधानमंत्री बनते हैं तो अल्पसंख्यकों का देश में रहना मुश्किल हो जाएगा। यह आशंका शिअद 1920 के सीनियर उप-प्रधान रघुबीर सिंह राजांसांसी तथा दलजीत सिंह संधू ने प्रैस कांफ्रैंस में जाहिर किया।
उन्होंने कहा कि मोदी के प्रधानमंत्री बनने से अल्पसंख्यक दबकर रह जाएंगे। मोदी लोकतंत्र के लिए खतरा बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी के अल्पसंख्यक विरोधी बयानों से भारतीय संविधान की भी धज्जियां उड़ जाएंगी। समय रहते केंद्र सरकार को मोदी पर लगाम लगानी चाहिए। राजासांसी ने कहा कि मोदी एक विशेष समुदाय को शुरू से ही संरक्षण दे रहे हैं। उनके समर्थन में खुलकर बोल रहे हैं।
गुजरात में हुई त्रासदी में अपना हाथ होने की बात मोदी ने बाखूबी कबूली है। उन्होंने कहा कि मोदी के बयानों से देश में आग लग सकती है। अगर केंद्र ने समय रहते उन पर अंकुश न लगाया तो देश भगवा आतंकवाद की गिरफ्त में आ सकता है। मोदी के कारण देश में विशेषकर अल्पसंख्यकों में अफरा-तफरी का माहौल है। वह हिन्दुत्व की आड़ में जहर घोल रहे हैं। राजासांसी ने कहा कि देश की खुफिया एजैंसियों को पता लगाना चाहिए कि मोदी को कौन सी ताकतें ऐसे बयानों के लिए उत्साहित कर रही हैं।
