अमरिंदर सिंह और सुखबीर बादल ने किसानों से परेड में शांति बनाए रखने की अपील

अमरिंदर सिंह और सुखबीर बादल ने किसानों से परेड में शांति बनाए रखने की अपील

चंडीगढ़
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने किसानों द्वारा गणतंत्र दिवस पर निकाली जा रही ट्रैक्टर परेड को भारतीय गणराज्य और इसके सांविधानिक नैतिक मूल्यों का जश्न करार दिया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने किसानों को ट्रैक्टर परेड के दौरान शांति बनाए रखने की अपील की। मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार से भी एक बार फिर भारतीय गणतंत्र की सच्ची भावना में किसान समुदाय का संकट सुलझाने के लिए उनकी आवाज सुनने की अपील की है।

कैप्टन ने कहा कि यह बड़े दुख की बात है कि हमारा संघीय ढांचा मौजूदा हुकूमत के अधीन सबसे बड़े खतरे का सामना कर रहा है। जिस मनमर्जी से बिना किसी बहस या विचार-चर्चा के तीन कृषि कानून लागू किए गए, वह ढंग दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में बर्दाश्त करने योग्य नहीं हो सकता।

केंद्र सरकार के पास कृषि जैसे राज्यों से संबंधित विषय पर कानून बनाने का कोई अधिकार है ही नहीं और कृषि कानूनों को लागू करना हमारे संविधान और संघीय ढांचे के सिद्धांत का सरासर उल्लंघन है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह एक साझी लड़ाई है, जिसमें उनकी सरकार किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।

गणतंत्र दिवस पर कैप्टन का किसानों को संदेश
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर संदेश जारी करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन संघर्षशील महीनों में अमन-शांति आपके (किसान) लोकतांत्रिक संघर्ष की मिसाल बनी रही और राष्ट्रीय राजधानी में ट्रैक्टर परेड समेत आने वाले दिनों में आपके आंदोलन के दौरान यही भावना बरकरार रहनी चाहिए।

मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी की सड़कों पर आपके ट्रैक्टर निकलने का दृश्य इस तथ्य का सूचक होगा कि भारतीय संविधान और हमारे गणतंत्र के सिद्धांतों पर कोई समझौता नहीं हो सकता और न ही इनको अलग किया जा सकता है।

शिअद की किसानों से अपील, परेड के दौरान शांति बनाए रखें 
शिरोमणि अकाली दल (शिअद) अध्यक्ष सुखबीर बादल ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि ट्रैक्टर रैली का शांतिपूर्ण तथा अनुशासित संचालन ही किसानों के लिए जीत का रास्ता तय करेगा। उन्होंने कहा कि पूरा विश्वास है कि मंगलवार को ट्रैक्टर मार्च पूरी तरह से शांतिमय होगा। शांति हर किसी की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसानों ने संघर्ष में अब तक सराहनीय अनुशासन का प्रदर्शन किया है। 

शिअद प्रधान ने कहा कि हजारों लोग दो महीने से विरोध कर रहे हैं। इतनी ज्यादा साजिशों के बावजूद यह अब तक का सबसे शांतिपूर्ण तरीके से किया गया विरोध है। सुखबीर ने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि यह सुनिश्चित करें पुलिस तथा अन्य कानून लागू करने वाली एजेंसियों कल मार्च में बेहद संवेदनशीलता तथा धैर्य के साथ निपटें। उन्होंने ने कल रैली में भाग लेने वाली पार्टी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया है कि वे शांति के लिए सजग रूप से कार्य करें। 

Related posts