अब सांगला में डीजल भी हुआ खत्म

संागला (किन्नौर)। क्षेत्र को सड़क सुविधा से जोड़ने वाला मार्ग 15 दिन से बंद है। सड़क बंद होने के कारण आम लोगों के अलावा सैलानियों को भी परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा है। आलम यह है कि अब तो सांगला के एक मात्र पेट्रोल पंप पर भी डीजल समाप्त हो गया। जबकि, लोगों को बीस दिन से गैस सिलेंडर के अलावा दूध, दही और सब्जी तक नहीं मिल रही है। इससे यहां फंसे सैलानियों के साथ-साथ आम लोगों को भी भारी दिक्कत हो रही है।
ब्रुआ के पास सड़क बंद होने से सांगला वैली में मूलभूत सुविधाएं लोगों को नहीं मिल पा रही हैं। जानकारी के अनुसार सांगला वैली में रसोई गैस सिलेंडर, डीजल तेल और खाद्य सामग्री की कमी हो गई है। वहीं, सांगला के एकमात्र पेट्रोल पंप कुप्पा में डीजल तेल समाप्त होने से बसों सहित अन्य छोटे वाहन भी नहीं चल पा रहे हैं। इधर, पंद्रह दिन से यहां फंसे सैलानियों में बंगलूरू के श्रुति कोडकनी, नंदिता, अमर नंदा, हेमा राजन, आजमीन ताहीर, प्रशंात, कुमोद, पवित्रा के अलावा चंडीगढ़, हरियाणा, शिमला, धर्मशाला, मनाली, रोपड़ सहित अन्य क्षेत्रों से आए टैक्सी चालक जितेंद्र, सुनील ठाकुर, राकेश, सुमन, संदीप, राजेश वर्मा तथा सुमन राठौर ने बताया कि वे 15 दिन से संागला में फंसे हैं। लेकिन, प्रशासन की तरफ से किसी प्रकार की सुविधा मुहैया नहीं करवाई जा रही है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और प्रशासन से सड़क को खोलने की मांग की है। अब डीजल के न मिलने से और भी परेशानियों बढ़ गई हैं। उधर, इसके बारे में लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन बीएस मेहता ने बताया कि सड़क खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Related posts