रंजिश के चलते पूर्व फौजी की हत्या

गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। बडेना गांव में दो भाइयाें ने पुरानी रंजिश के चलते पूर्व फौजी की हत्या कर लाश घर से 50 मीटर दूर फेंक दी। राजस्व पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार हैं।
राजस्व पुलिस से ने बताया कि बडेना निवासी पूर्व सैनिक जगत सिंह (45) पुत्र राम सिंह का गांव के प्रेम सिंह के पुत्र श्याम सिंह और केदार सिंह के परिवारों के बीच पुरानी रंजिश थी। 28 जून को किसी बात को लेकर इनके बीच झगड़ा हो गया। 29 जून को जगत सिंह की लाश घर से 50 मीटर दूर पर मिली। ग्रामीणों की सूचना पर राजस्व निरीक्षक हरीश पंत के नेतृत्व में टीम बडेना पहुंची। राजस्व पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
राजस्व निरीक्षक ने बताया कि मृतक के सिर में चोट के निशान हैं। ऐसा लगता है कि किसी नुकीली चीज से वार किया गया है। मृतक की बेटी कमला ने प्रेम सिंह और केदार सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। राजस्व निरीक्षक ने बताया कि दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार है। उनकी गिरफ्तारी के लिए कई जगह दबिश दी जा रही है। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतक के चार बच्चे हैं। एक बेटी का विवाह हो चुका है। हत्याकांड से घर में कोहराम मचा हुआ है तो पूरा गांव स्तब्ध है। घटनास्थल पर पहुंचे राजस्व दल में राजस्व उप निरीक्षक भगवती प्रसाद पंत, जगदीश कापड़ी, धनी लाल शामिल थ्रे।

Related posts