
नई दिल्ली: दिल्ली बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष विजय गोयल ने बयान देते हुए कहा कि अब दिल्ली में ‘आप’ और ‘सांप’ मिलकर चलाएंगे सरकार। बता दें कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस के समर्थन से सरकार बनाने का फैसला किया है। इस बाबत पार्टी के नेताओं ने दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग से मुलाकात कर सरकार बनाने की पेशकश की। गोयल ने कहा, ‘आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस को सांप कहा था। अब आप और सांप मिलकर चलाएंगे सरकार।’
गौरतलब है कि कांग्रेस ने सरकार बनाते ही आप के पोल खुलने की बात कही, तो इसके जवाब में आप ने उन्हें दोमुंहा सांप बता दिया। आम आदमी पार्टी के नेता कुमार विश्वास ने कांग्रेस की तुलना दो मुंहे सांप से कर दी थी। कुमार विश्वास ने ट्वीट किया था, ‘धोखेबाज कांग्रेस का आम आदमी पार्टी को बिना शर्त समर्थन दोमुंहे सांप वाला रवैया दिखाता है।’
