अब तक नहीं खुले घोटाले के राज

मंडी। खाद्य आपूर्ति निगम की करसोग गैस एजेंसी में लाखों के गोलमाल के आरोपों में घिरे दो कर्मचारियों से पुलिस अभी तक पूछताछ नहीं कर सकी है। ये दोनों पुलिस की पहुंच से दूर हैं। दोनाें ने अदालत से अग्रिम जमानत ले रखी है। कोर्ट से मिली अग्रिम जमानत के कारण इनकी गिरफ्तारी भी नहीं हो सकी है। इनकी एंटीसिपेटरी बेल की अवधि एक-दो दिन में पूरी हो रही है। पुुलिस दोनाें की अग्रिम जमानत की अवधि पूरी होने का इंतजार कर रही है।
पुलिस की मानें तो अग्रिम जमानत की अवधि पूरी होते ही कोर्ट में दोनाें की कस्टडी की मांग की जाएगी। एजेंसी में सब्सिडी में हुए लाखों के गोलमाल मामले में एजेंसी के प्रभारी तथा सहायक के खिलाफ मामला दर्ज है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गैस एजेंसी के प्रभारी ने हाईकोर्ट तो एजेंसी सहायक ने सेशन कोर्ट से अग्रिम जमानत ले रखी है।
अब तक अंडर ग्राउंड चल रहे गैस एजेंसी प्रभारी टिकम राम ने रविवार को ही हाईकोर्ट से मिली अग्रिम जमानत की पुलिस थाना मेें अर्जी प्रस्तुत की है। करसोग पुलिस थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि गैस एजेंसी सहायक की सोलह दिसंबर को अग्रिम जमानत की अवधि पूरी हो रही है। सोमवार को सेशन कोर्ट में सुनवाई होगी।

Related posts