
दौलतपुर चौक/मैड़ी (ऊना)। क्षेत्र में अफवाह फैलाने के आरोप में पुलिस ने युवक के विरुद्ध कार्रवाई शुरू कर दी है। गौरतलब है कि रविवार देर राम मुबारिकपुर-दौलतपुर चौक मार्ग पर ब्रह्मपुर में गोली चलने की खबर से सारा क्षेत्र एक बार फिर दहशत की जद में आ गया था। एक युवक का कहना था कि दो व्यक्तियों ने उस पर गोली दागी, जिसके बाद एसपी ऊना, डीएसपी हैड क्वार्टर व डीएसपी अंब सहित पुलिस का दस्ता मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गया, लेकिन मौके से गोली चलने जैसी किसी घटना का कोई निशान नहीं मिला। हालांकि पुलिस ने उक्त युवक के स्कूटर समेत आसपास की जमीन को पूरी तरह छान मारा, लेकिन कहीं भी गोली को कोई नामोनिशान नहीं मिला। पुलिस की ओर से उक्त युवक का मेडिकल करवाए जाने पर सामने आया कि उसने शराब का सेवन किया हुआ था। पहले से ही सिक्कर का परोह और नलोह गोलीकांडों के कारण क्षेत्र का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। ऊपर से युवक की ओर से उस पर गोली चलाने के दावे ने सबके होश फाख्ता कर दिए थे। इस पर पुलिस ने भी पूरी मुस्तैदी दिखाते हुए मौके पर जांच पड़ताल की, लेकिन नतीजा कुछ और ही सामने आया।
इस संबंध में अंब के डीएसपी मदनलाल कौशल ने बताया कि पुलिस की जांच में किसी प्रकार से गोली चलने जैसा कुछ भी सामने नहीं आया है। पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने युवक के विरुद्ध भी अफवाह फैलाने को लेकर मामला दर्ज कर लिया है। मेडिकल में युवक के शराब का सेवन किए जाने की पुष्टि भी हो गई है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अफवाहें फैलाकर लोगों को गुमराह न करें। ऐसा करने वालों के खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई अमल में लाएगी।
