अपनी ही बंदूक की गोली ने किया घायल

बिलासपुर। घुमारवीं थाना के अंतर्गत हरलोग में एक व्यक्ति अपनी ही लाइसेंसी बंदूक की गोली से घायल हो गया। घायलावस्था में उसे बिलासपुर अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत देखते हुए उसे आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया। वहां उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार सेना में कार्यरत हरलोग निवासी राजकुमार गत सोमवार शाम हरलोग बाजार की ओर जा रहा था। तेंदुओं व अन्य जंगली जानवरों के खौफ के चलते उसने अपनी लाइसेंसी बंदूक भी साथ ले रखी थी, जिसमें एक राउंड गोली भी मौजूद थी। पगडंडी पर चलते समय संतुलन बिगड़ जाने से बंदूक उसके कंधे से नीचे गिर गई। जैसे ही वह बाएं हाथ से नीचे गिरी बंदूक उठाने लगा, उसका ट्रिगर अचानक दब गया। बंदूक से निकली गोली के छर्रे उसकी दाईं बाजू में जा लगे, जिससे वह घायल हो गया।
पता चलते ही परिवार के सदस्यों व अन्य लोगों ने राजकुमार को बिलासपुर अस्पताल पहुंचाया। यहां से उसे शिमला रेफर कर दिया गया। घुमारवीं थाना से आईओ ने आईजीएमसी पहुंचकर उसके बयान कलमबंद किए। उधर, इस बारे संपर्क साधने पर एसपी अनुपम शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आईओ को शिमला भेजा गया है। घायल व्यक्ति के बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Related posts