
ताड़ीखेत। अतिक्रमण तोड़ने ताड़ीखेत पहुंचे संयुक्त मजिस्ट्रेट रवि झा और उनकी टीम को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। सुबह जैसे ही कर्मचारियों ने सड़क किनारे बने पक्के निर्माणों को तोड़ना शुरू किया तो लोगों में आक्रोश भड़क उठा। आक्रोशित व्यापारियों ने दुकानें बंद कर दीं और जुलूस निकाला।
लोगों ने प्रशासन पर तानाशाही बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि बिना किसी पूर्व सूचना के निर्माण तोड़ना तर्कसंगत नहीं है। विरोध के बावजूद प्रशासन ने सड़क कि नारे बनी दो स्लेब को तोड़ा। इस मसले पर संयुक्त मजिस्ट्रेट ने 27 दिसंबर शुक्रवार को स्थानीय लोगों की बैठक बुलाई है। मालूम हो कि गत दिवस प्रशासन ने कैंट कर्मचारियों के साथ ताड़ीखेत कस्बे में सफाई अभियान चलाया था। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने लोगों से सड़क किनारे पड़े रेता बजरी को हटा लेने के निर्देश दिए थे। तहसीलदार धनी राम ने बताया कि ताड़ीखेत बाजार की सड़क एडीबी के पास है। नक्शे में राष्ट्रीय राजमार्ग की यह सड़क 11 से लेकर 15 मीटर तक चौड़ी है लेकिन अतिक्रमण के कारण सड़क की चौड़ाई बहुत कम हो गई है। कई लोगों ने सड़क तक सीढ़ियां बना दी हैं, जबकि कई स्थानों पर घरों के लेंटर सड़क पर हैं। इसी वजह से संयुक्त मजिस्ट्रेट के निर्देश पर वहां अतिक्रमण हटाने की सहमति बनी। मंगलवार को प्रशासन ने अवैध रूप से बने कुछ स्लेब तोड़ दिए हैं।
—————
प्रशासन के रवैये से लोगों में भारी आक्रोश
रानीखेत। ताड़ीखेत वासियों ने प्रशासन के रवैये की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि बिना पूर्व सूचना के प्रशासन द्वारा पुलिस और राजस्व कर्मियों को लेकर पक्के निर्माणों पर जेसीबी चलाना ठीक नहीं है। अश्विनी भगत, बीना भगत, ध्यान सिंह नेगी, रवींद्र कुंवर, प्रकाश नेगी, महेंद्र सिंह बिष्ट, बची सिंह रावत, पूरन नेगी, मोनी पांडे, संजय कुमार, श्याम सिंह कुंवर, बीना भगत, सुनील रावत, किशन सिंह रावत का कहना था कि यदि कहीं भी अतिक्रमण जैसे हालात थे तो प्रशासन ने पूर्व में आगाह करना चाहिए था। प्रशासन की इस हरकत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
—————
नेता प्रतिपक्ष ने भी प्रशासन के रवैये की निंदा की
रानीखेत। नेता प्रतिपक्ष विधायक अजय भट्ट ने प्रशासन द्वारा बिना पूर्व सूचना के निर्माण तोड़ने की कड़ी निंदा की है। उन्होंने फोन पर बताया कि जिलाधिकारी से बात की गई है और भविष्य में ऐसा कदम बिना जनप्रतिनिधियों के संज्ञान में लाए नहीं उठाने को कहा है। श्री भट्ट ने कहा कि यदि जनता को बेवजह परेशान किया गया तो इसका विरोध किया जाएगा।
————–
-ताड़ीखेत राजमार्ग पर सड़क किनारे कई लोगों ने अतिक्रमण किया है। यह निर्माण भविष्य में टूटने हैं। उन्होंने बताया कि लोगों को पूर्व में सूचना दे दी गई थी। रेता बजरी भी उठा दी गई है। लोगों से स्वयं निर्माण हटाने को कहा गया है, यदि नहीं हटाए गए तो पुन: कार्रवाई होगी।-रवि झा, संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत।
