अग्निवीर के पिता ने राजनाथ सिंह पर देश को झूठ बोलने का आरोप लगाया और कहा हमें कोई पैसा नहीं मिला

अग्निवीर के पिता ने राजनाथ सिंह पर देश को झूठ बोलने का आरोप लगाया और कहा हमें कोई पैसा नहीं मिला

खन्ना के रामगढ़ सरदारा गांव के अग्निवीर अजय की मौत पर एक बार फिर चर्चा हो रही है। अजय की मौत का मुद्दा लोकसभा में गूंजा। विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने यह मुद्दा उठाकर केंद्र सरकार को घेरा और आरोप लगाया कि केंद्र ने अग्निवीर के परिवार को एक पैसा नहीं दिया।

जवाब में देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अग्निवीर के परिवार को एक करोड़ रुपये दिए गए। इसके बाद अब अग्निवीर का परिवार भी सामने आया। अग्निवीर अजय छह बहनों का इकलौता भाई था।

बहन ने जताया राहुल गांधी का आभार

अजय की बहन बख्शो देवी ने कहा कि उन्हें इस बात पर गर्व है कि उनके भाई की शहादत का मुद्दा लोकसभा में गूंजा है। हम राहुल गांधी का इसके लिए आभार जताते हैं। बख्शो देवी ने कहा कि उनके भाई को शहीद का दर्जा मिलना चाहिए। देश में अग्निवीर योजना बंद होनी चाहिए।

वहीं शहीद के पिता चरणजीत ने बताया कि पंजाब सरकार की तरफ से उन्हें एक करोड़ रुपये दिए गए। बेटी को नौकरी का भरोसा दिलाया गया। उन्होंने बताया कि आर्मी की तरफ से 48 लाख रुपये दिए गए हैं। केंद्र सरकार से कोई पैसा नहीं दिया। उन्होंने कहा कि देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह झूठ बोल रहे हैं।

12वीं के बाद हुआ था आर्मी में भर्ती

चरणजीत सिंह ने बताया कि छह बेटियों के बाद उन्होंने बेटा पाया था। वे खुद मजदूरी करते थे। कड़ी मेहनत करके बेटे का पालन पोषण किया। पत्नी भी काम करती थी। बेटियां भी प्राइवेट नौकरी करती थीं। बेटा खुद कभी पेंट करने जाता था तो कभी राजमिस्त्री के साथ दिहाड़ी पर जाता था। 12वीं पास करने के बाद फरवरी 2022 में बेटा भर्ती हुआ। अब आस थी कि बेटा परिवार का सहारा बन गया है, लेकिन उन्हें नहीं पता था कि ऐसे बेटा शहीद हो जाएगा।

Related posts