
नाहन (सिरमौर)। सैनवाला पंचायत के सैनवाला मुबारिकपुर की हरिजन बस्ती में पिछले एक साल से लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। इसके चलते करीब तीन दर्जन से अधिक परिवारों को भारी परेशानी हो रही है। अखिल भारतीय हरिजन लीग महिला प्रकोष्ठ की जिला उपाध्यक्ष राज कौर सहित ग्रामीण सोमनाथ, हेमराज, कर्म चंद, भगत सिंह और पाल चंद आदि ने बताया कि सैनवाला मुबारिकपुर गांव में पिछले एक साल से लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। यहां शाम के समय रोशनी इतनी डिम हो जाती है कि बिजली से चलने वाले सभी उपकरण टीवी, पंखा, कूलर और फ्रिज आदि बंद हो जाते हैं।
उन्होंने बताया कि वे पिछले एक साल से लो वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने बोर्ड के उच्चाधिकारियों से भी समस्या बताई, लेकिन इसका समाधान नहीं हुआ। उन्होंने उपायुक्त से गुहार लगाई है कि वह बोर्ड के उच्चाधिकारियों को आदेश कर शीघ्र उनकी समस्या का निदान करें।
उधर, बिजली बोर्ड नाहन के अधिशासी अभियंता आरके पठानिया ने बताया कि उन्हें ग्रामीणों की शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर समस्या के समाधान का प्रयास करेंगे।
