हिमपात के कारण शिमला राज्य मार्ग बंद

रोहड़ू। हिमपात के चलते शिमला राज्य मार्ग पर मंगलवार दोपहर बाद से यातायात ठप हो गया। जुब्बल, रोहड़ू, चिड़गांव और नावर क्षेत्र के कई रूटों पर बसें आधा सफर ही तय कर रही हैं। निगम के रोहड़ू डिपो की शिमला से रोहड़ू की ओर आने वाली कई बसें रूटों पर बर्फबारी में फंस गई हैं।
क्षेत्र में मंगलवार सुबह से ही बर्फबारी शुरू हो गई। ग्रामीण रूटों पर जाने वाली पथ परिवहन निगम की अधिकांश बसें दोपहर बाद तक नियमित रूप से चल रही थीं। शिमला राज्य मार्ग पर खड़ापत्थर में बर्फबारी होने के कारण दोपहर बाद ही बस सेवाएं ठप हो गईं।
कई ग्रामीण रूटों पर भी बसें आधा सफर ही तय कर रही हैं। शिमला राज्य मार्ग पर खड़ापत्थर में बर्फबारी के कारण शिमला से रोहड़ू आने वाली कुछ बसें मार्ग पर ही फंसी हुई हैं। सुंगरी, बाहली, खशाधार, क्वार, कड़ीवन सहित कई रूटों पर बस सेवाएं बंद हो गई हैं। बर्फबारी में बस सेवाएं प्रभावित होने से लोगाें को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। निगम को भी लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है।
पथ परिवहन निगम रोहड़ू डिपो के अड्डा प्रभारी चत्र सिंह ने बताया कि शिमला राज्य मार्ग पर बस सेवाएं मंगलवार दोपहर बाद से ठप हैं। अधिकांश लोकल रूटों पर बसें मंगलवार को दिन भर नियमित रूप से भेजी गई हैं। कुछ रूटों पर बसें आधा ही सफर तय कर रही हैं।

बर्फबारी के कारण आनी की रूहालचा, कोठी और लफाली सड़क भी बंद हुई हैं। अड्डा प्रभारी रोशन लाल ने इसकी पुष्टि की है। उन्हाेंने बताया कि इन सड़कों पर दोपहर बाद बसें नहीं जा पाई हैं।

Related posts