
शिमला। रात दस बजे के बाद सड़क पर घूमते हुए मिले तो थाने जाना होगा। शहर में आपराधिक वारदातों पर अंकुश लगाने के मकसद से सिटी पुलिस ने यह निर्देश जारी किए हैं। रात के समय घर से बाहर रहने का कारण पुलिस को बताना होगा। गलती से अगर नशे में मिले या हुड़दंग मचाते हुए पकड़े गए तो पूरी रात हवालात में काटनी होगी। अगले दिन पुलिस अफसर के समक्ष पेश होने के बाद ही घर जा पाएंगे, वह भी कम से कम पांच सौ रुपए और अधिकतम पांच हजार रुपए जुर्माना चुकाकर।
सिटी पुलिस ने इस कड़ी में ढली और संजौली को निशाने पर रखा है। यहां इस तरह की वारदातें सामने आती हैं। निर्देश जारी होने के बाद इस इलाके से पुलिस सत्तर लोगों को हवालात की हवा खिला चुकी है। सभी आरोपी रात दस बजे के बाद बेवजह सड़कों पर घूमते पाए गए और ये लोग शराब के नशे में थे। हुड़दंग करते पकड़े जाने के बावजूद यह पुलिस पर ही रौब झाड़ रहे थे। ऐसे मामलों में पुलिस पहले इन्हें चेतावनी देकर छोड़ देती थी लेकिन अब इनका पूरा ब्योरा दर्ज करने के बाद ही छोड़ा जाता है। अगर आरोपी दूसरी मर्तबा पकड़ा जाता है तो उससे जुर्माना दोगुना वसूला जाता है। पुलिस का मानना है कि ऐसी कार्रवाई के बाद सिटी मेें असामाजिक तत्वों पर काफी हद तक अंकुश लगा पाने में कामयाबी मिलेगी।
—————–
दस बजे के बाद सख्ती : डीएसपी
डीएसपी सिटी प्रवीर ठाकुर ने कहा कि अब तक ऐसे करीब 70 आरोपियों को हिरासत में लेकर हवालात पहुंचाया गया है। रात दस बजे के बाद असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।