सरकारी बसों की खरीद में फर्जीवाड़ा!

चंबा। राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं राज्य सचिव हितेंद्र सिंह पठानिया ने एचआरटीसी बसों की खरीद में फर्जीवाड़े का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि निगम ने 100 रिजेक्टेड बसों की खरीद की। निगम ने प्रति बस 19 लाख से खरीदी। इनकी बाडी निगम की वर्कशाप में बनती तो ये बसें 14 लाख में पड़नी थीं। बसों की खरीदारी पर निगम को 5 करोड़ अतिरिक्त अदा करने पड़े हैं। पठानिया ने प्रेस वार्ता में कहा कि ये बसें गोवा की निजी कंपनी से खरीदी गई हैं। तकनीकी खामियों के कारण ये रिजेक्ट हुई हैं। कंपनी को लाभ देने के चक्कर में बसों की खरीद हुई है। निगम को 5 लाख रुपये प्रति बस नुकसान हुआ है।
इन बसों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। सीट नंबर दो और तीन में यात्री आराम से बैठकर यात्रा नहीं कर सकते हैं। सीटों में दूरी का अनुपात एक जैसा नहीं है। सामान रखने की भी अच्छी व्यवस्था नहीं है। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्हाेंने मांग की कि निगम के जिन अधिकारियों ने इन बसों की खरीद की है, उनके निलंबन के साथ बसों की खरीद मामले की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।
उन्होंने चांजू में निजी प्रोजेक्ट प्रबंधन पर स्थानीय लोगाें को डराने का आरोप लगाया। कहा कि राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस लोगों के साथ है। होली-बजोली परियोजना का काम चट्टान साइड से शुरू होना था, लेकिन बस्ती की ओर से काम शुरू किया गया। इससे बस्ती के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इस परियोजना के निर्माण कार्य को चट्टान साइड से शुरू करने की सिफारिश सरकार से होगी। इस दौरान जिले के यूथ विंग के अध्यक्ष विशाल धवन और अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।

Related posts