
दिल्ली (वीरेन्द्र खागटा) हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के अध्यक्ष ओमप्रकाश चौटाला और उनके बेटे अजय चौटाला समेत 55 लोगों को जेबीटी शिक्षक भर्ती घोटाले में दोषी पाए जाने के बाद गिरफ्तार कर तिहाड़ जेल भेजा गया है। ओमप्रकाश चौटाला, अजय चौटाला और अन्य लोगों को जेल नंबर 4 में रखा गया है। वहीं महिलाओं को जेल नंबर 6 में रखा गया है।
सीबीआई कोर्ट ने बुधवार को इस मामले में ओमप्रकाश और उनके पुत्र अजय चौटाला समेत 55 और लोगों को दोषी करार दिया। सभी के खिलाफ सजा का ऐलान 22 जनवरी को किया जाएगा। सीबीआई स्पेशल कोर्ट के जज विनोद कुमार ने चौटाला, उनके बेटे और अन्य को आईपीसी तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दोषी ठहराया।
तत्कालीन प्राथमिक शिक्षा निदेशक संजीव कुमार, चौटाला के पूर्व विशेष अधिकारी विद्याधर और हरियाणा के तत्कालीन मुख्यमंत्री चौटाला के राजनीतिक सलाहकार शेर सिंह बड़शामी को भी अदालत ने गुनहगार पाया।
गौरतलब है कि सीबीआई और बचाव पक्ष के वकीलों की अंतिम बहस पूरी होने के बाद अदालत ने 17 दिसंबर 2012 को इस मामले में अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। इस मामले में कुल 62 लोगों को आरोपी बनाया गया था। छह आरोपियों की मौत हो चुकी है जबकि एक को आरोपमुक्त किया जा चुका है।
क्या है मामला
हरियाणा में ओमप्रकाश के नेतृत्व वाली इनेलो सरकार के दौरान 199-2000 में हुई 3206 जेबीटी शिक्षकों की भर्ती में मानदंडों को ताक पर रखकर मनचाहे लगों की बहाली का आरोप लगा था। शिक्षकों की भर्ती की जिम्मेदारी कर्मचारी चयन आयोग से लेकर जिला स्तर पर बनाई गई चयन कमेटी को सौंपी गई थी।
बताया जा रहा है कि फर्जी इंटरव्यू के आधार पर चयनित कैंडिडेट की सूची तैयार की गई थी। जिला स्तरीय चयन कमेटी में शामिल शिक्षा विभाग के अधिकारियों पर पसंद के अभ्यर्थियों का चयन करने का दबाव भी बनाया गया था। आरोप हैं कि अभ्यर्थियों से तीन से पांच लाख रुपये तक की घूस ली गई थी।
नफा और नुकसान
कोर्ट के इस फैसले के बाद ओमप्रकाश चौटाला और उनके बेटे अजय चौटाला के चुनाव लड़ने पर रोक लग सकती है। इनलो की साख गिरने से राज्य में कांग्रेस समेत अन्य राजनीतिक दलों को फायदा मिल सकता है। लेकिन सबसे ज्यादा लाभ कांग्रेस को मिलेगा।
22 जनवरी के बाद सारी तस्वीर साफ हो जाएगी। हम निश्चित तौर पर हाईकोर्ट जाएंगे और जरूरत पड़ी तो सुप्रीम कोर्ट भी जाएंगे। केंद्र की कांग्रेस सरकार सीबीआई का दुरुपयोग कर रही है।-अभय चौटाला, ओमप्रकाश के दूसरे पुत्र
ऐसे फैसले आने से लोगों का न्यायपालिका में विश्वास बढ़ेगा। पूर्व सरकार ने जो गलत बीज बोए उसी का नतीजा है कि आज राज्य में बलात्कार और लूट जैसी घटनाएं बढ़ी हैं।- कुलदीप विश्नोई, हरियाणा जनहित कांग्रेस के अध्यक्ष
कांग्रेस पार्टी ने इस मामले को कई बार उठाया था। अब इस मामले में न्याय हुआ है। एक पूर्व मुख्यमंत्री को सजा होना शर्म की बात है।- नवीन जिंदल, कांग्रेस नेता
चौटाला को देखकर जाना जा सकता है कि किसी के भविष्य से खिलवाड़ करने का हश्र क्या होता है? मैं भी उनमें से एक था जिसने नौकरी के लिए आवेदन किया था। ऐसे हजारों लोग हैं जो इस घोटाले का अंजाम भुगत रहे हैं। – रणदीप सुरजेवाला, हरियाणा सरकार में मंत्री