लाहौल-स्पीति व रोहतांग में हिमपात, ठंड तेज

शिमला : जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति व कुल्लू घाटी में बुधवार को अचानक मौसम का मिजाज बिगडऩे के कारण दिन भर बादल छाए रहे। दोपहर बाद लाहौल की ऊंची चोटियों पर 3 इंच हिमपात होने का समाचार मिला है। जानकारी के अनुसार लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों लेडी ऑफ केलांग, मूलकिला, घेपन पीक, मुकरवे, शिकारवे, शिंगरिला, गोम्पंगो, मुरंगला, श्रृंगला व हरगर्न आदि चोटियों पर हिमपात हुआ है, वहीं शाम से जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के प्रवेश द्वार रोहतांग दर्रे पर रुक-रुक कर हिमपात जारी है।

ऊंची चोटियों पर हिमपात होने के कारण घाटी ठंड की चपेट में आ गई है। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार लाहौल में रात का तापमान शून्य से 7 डिग्री नीचे लुढ़क गया है। सर्दियों की दस्तक होने से पहले जनजातीय लोगों ने 6 महीने का राशन व ईंधन की पूरी तैयारी कर ली है। रोहतांग में हिमपात अगर रातभर जारी रहता है तो जनजातीय जिला 6 महीने के लिए सम्पूर्ण विश्व से कट जाएगा। रोहतांग दर्रे से दोपहर अढ़ाई-तीन बजे से पहले ही गाडिय़ां आर-पार हुईं।

दिनभर विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी शिमला सहित मनाली, नारकंडा, कुफरी, चायल, नालदेहरा, सुंदरनगर, धर्मशाला, सांगला वैली, सराहन, निचार और कल्पा में पर्यटकों की भारी भीड़ जुटी रही जो सिर पर टोपी और गले में मफलर लिए पहाड़ों की वादियों को निहारते दिखे। इस दौरान सबसे ज्यादा ठंडा केलांग न्यूनतम तापमान -1.2 डिग्री सैल्सियस के साथ रहा जबकि सबसे ज्यादा गर्म ऊना अधिकतम तापमान 26 डिग्री सैल्सियस के साथ रहा। पालमपुर का अधिकतम तापमान 22 व न्यूनतम तापमान 8.5, शिमला 17.9 व 8.6, कल्पा 13.8 व 1.4, सुंदरनगर 25.3 व 5.5, भुंतर 21 व 3.6, मंडी 23.5 व 6.7, सोलन 23.5 व 4.4, मनाली 15 व 2.8, ऊना 26 व 9, नाहन 23.3 व 10.8 और धर्मशाला का अधिकतम तापमान 21.8 व न्यूनतम 9 डिग्री सैल्सियस रहा।

Related posts

Leave a Comment