राहुल गांधी से मिले वीरभद्र

शिमला : कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष वीरभद्र सिंह ने शुक्रवार को दिल्ली में अखिल भारतीय कांगे्रस कमेटी के महासचिव राहुल गांधी से मुलाकात की। उन्होंने राहुल गांधी को हिमाचल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के लिए आश्वस्त किया और प्रदेश कांग्रेस में चल रहे ताजा राजनीतिक घटनाक्रम बारे अवगत करवाया। विधानसभा चुनाव परिणाम सामने आने से पहले हुई इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है, वहीं इस मुलाकात को वीरभद्र सिंह का विरोधी खेमा भी कई पहलुओं से जोड़ कर देख रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार वीरभद्र ने राज्य कांग्रेस में चुनावों के बाद उभर कर सामने आई आपसी गुटबाजी व वरिष्ठ नेताओं की बयानबाजी के बारे में भी राहुल गांधी को जानकारी दी।

चर्चाएं हैं कि विधानसभा चुनाव जीतने के बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर भी इस मुलाकात के दौरान चर्चा की गई। इन दिनों प्रदेश कांग्रेस के नेताओं में मुख्यमंत्री पद को लेकर जुबानी जंग चली हुई है व कांग्रेस के अलग-अलग गुट दिल्ली जाकर हाईकमान के समक्ष अपना पक्ष भी रख चुके हैं, ऐसे में राहुल गांधी व वीरभद्र सिंह की मुलाकात कई मायनों में अहम है, वहीं सूचना है कि शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह वापस शिमला पहुंचेंगे।

दिल्ली में कांग्रेस नेताओं की बैठक कल
हिमाचल कांग्रेस प्रभारी चौधरी वीरेंद्र सिंह ने प्रदेश कांग्रेस नेताओं की अहम बैठक 16 दिसम्बर को दिल्ली में बुलाई है। बैठक में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी ही भाग लेंगे। इस बारे में सभी नेताओं को पार्टी हाईकमान ने सूचना दे दी है। बैठक में 20 दिसम्बर को आने वाले चुनावी परिणाम सहित अन्य विषयों पर चर्चा की जा सकती है।

Related posts