महिला दिवस पर 9 महिलाएं सम्मानित

ऊना। स्वास्थ्य एवं राजस्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश महिला सशक्तिकरण की मिसाल बनकर उबरा है। राज्य में महिलाओं के उत्थान, कल्याण और सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं। ऊना में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित जिला स्तरीय समारोह में बतौर मुख्यातिथि कौल सिंह ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए सबसे पहले पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी ने ठोस पहल करके देश की पंचायती राज संस्थाओं एवं नगर निकायों में महिलाओं के लिए 35 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान करवाया था। बाद में कांग्रेस सरकारों ने महिला उत्थान को नई दिशा दी। आज हिमाचल प्रदेश में 58.8 प्रतिशत महिलाएं पंचायत प्रधान के रूप में चुन कर आई हैं। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को ग्रामीण स्तर तक सुदृढ़ किया जाएगा। जिला अस्पतालों और फर्स्ट रेफरल यूनिट में भी स्वास्थ्य के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने के अलावा नए उपकरण स्थापित किए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग में डाक्टरों की कमी को दूर किया जाएगा। चिंतपूर्णी के विधायक कुलदीप कुमार ने कहा कि महिलाओं को प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर स्वावलंबी बनना चाहिए। सीएमओ डा. जीआर कौशल ने स्वास्थ्य मंत्री का स्वागत किया। डा. शिवपाल कंवर ने बेटी है अनमोल विषय पर कविता प्रस्तुत की। रक्त बैंक की प्रभारी डा. अनीता शर्मा ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। चूडे़श्वर कला मंच सिरमौर के कलाकारों ने एड्स जागरूकता के बारे में लोकनृत्य और लोकगीत की प्रस्तुतियां दीं। समारोह में जिला कांग्रेस अध्यक्ष वीरेंद्र धर्माणी, एग्रो पैकेजिंग के पूर्व वाइस चेयरमैन ओंकार शर्मा, पूर्व विधायक गणेश दत्त भरवाल, डीसी अभिषेक जैन, एसपी रविंद्र शर्मा, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के उत्तरी क्षेत्र के अध्यक्ष देशराज गौतम, कांग्रेस नेता सतपाल रायजादा, अविनाश कपिला, रणवीर राणा, कांग्रेस के शहरी प्रधान संजीव ओहरी, कांग्रेस व्यापार सैल के जिला अध्यक्ष राकेश कौशल, जिला परिषद सदस्य सुमन ठाकुर, नीलम मनकोटिया, दर्शना कुमारी, हरोली महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुभद्रा देवी और रैंसरी पंचायत की प्रधान भी उपस्थित रहीं।

इन्हें मिला सम्मान
ठाकुर कौल सिंह ने अनुकरणीय कार्यों के लिए जिला की 9 महिलाओं को सम्मानित किया। इनमें पत्रकारिता और समाजसेवा के लिए सरोज मोदगिल, श्रेष्ठ रक्तदाता के रूप में स्वाति, शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए देविका राणा, एड्स नियंत्रण के प्रति जागरूकता के लिए किरण राणा, श्रेष्ठ चिकित्सा सेवाओं के लिए वीना सिंह, स्वर्ण वशिष्ठ, मीना शर्मा, मनजीत कौर व सरोज कुमारी को पुरस्कृत किया गया।

जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण
स्वास्थ्य और राजस्व मंत्री ठाकुर कौल सिंह ने समारोह के बाद जिला अस्पताल ऊना का औचक निरीक्षण किया और विभिन्न वार्डों में जाकर रोगियों को प्रदान की जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने रोगियों का भी कुशलक्षेम पूछा और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने डाक्टरों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

Related posts