महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल

हमीरपुर। जिले में महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। तीन दिन में दुराचार की दो घटनाएं। इससे पुलिस के दावों की हवा निकल गई है। नाबालिग से तीन दिन दुराचार होता रहा। पांच माह में दुराचार की यह पांचवीं वारदात है। तीन नाबालिग लड़कियां शिकार हुई हैं। दो से गैंगरेप हुआ। वर्ष 2012 के आंकड़ों पर नजर दौड़ाई जाए तो इस वर्ष मात्र छह मामले दर्ज हुए थे। वर्ष 2013 में पांच माह के भीतर ही पांच बलात्कार की घटनाएं हो चुकी हैं। तीन नाबालिग लड़कियां शिकार हुई हैं। जनवरी माह में एक नाबालिग लड़की को सौतेले बाप ने हवस का शिकार बना डाला।
मई माह में एक सप्ताह के भीतर ही दो नाबालिग लड़कियां सामूहिक दुराचार का शिकार हो चुकी हैं। एक नाबालिग को हाल ही में दो युवकों ने कोई नशीला पदार्थ सुंघाकर गैंगरेप किया है। 26 मई को एक अन्य नाबालिग लड़की को तीन युवकों ने हवस का शिकार बनाया। इसके अलावा एक विवाहिता और बड़सर के एक निजी संस्थान की छात्रा भी यौन शोषण का शिकार हुई हैं। पांचों मामले पुलिस थाना बड़सर और सदर के हैं। उधर, पुलिस अधीक्षक जगत राम का कहना है कि पुलिस सभी मामलों पर कार्रवाई कर रही है। जहां तक दुराचार की घटनाओं के बढ़ने की बात है तो मामलों के सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Related posts