मनकोटिया का सीडी मामले में बयान दर्ज

शिमला : सीडी प्रकरण को लेकर विशेष जज (वन) शिमला की अदालत के समक्ष पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ चल रहे ट्रायल में मुख्य गवाह व पूर्व पर्यटन मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया ने अपने बयान दर्ज करवाए। उक्त मामले के अहम गवाहों में पीसी जैन व कपिल मोहन के बयान शनिवार को दर्ज होंगे।

मेजर विजय सिंह मनकोटिया ने अपने बयान में स्पष्ट किया कि उन्होंने राज्य सर्तकता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को केवल ऑडियो कैसेट दी थी। उन्होंने ब्यूरो को कोई सीडी नहीं दी थी। उन्हें गुमनाम तरीके से ऑडियो कैसेट भेजी गई थी न कि कोई सीडी। मनकोटिया ने कहा कि उन्हें इस बारे में भी कोई जानकारी नहीं है कि किसने संबंधित सीडी बनाई। मेजर विजय सिंह मनकोटिया ने कहा कि उनकी व्यक्तिगत राय के अनुसार ऑडियो कैसेट में वीरभद्र सिंह की आवाज है।

पूर्व आईएएस महेंद्र लाल के पुत्र डा. कविंद्र लाल ने भी अदालत के समक्ष अपने बयान दर्ज करवाए। उसके अनुसार सीडी में रिकार्ड की गई आवाज महेंद्र लाल की है। उसने माना कि सीडी में किसी महिला की आवाज भी है लेकिन वह किसकी है उस बारे में उसे कोई जानकारी नहीं है। हालांकि उसने माना कि सीडी में वीरभद्र सिंह की आवाज रिकार्ड है। उसने यह भी कहा कि सीडी में अन्य लोगों की आवाजों को वह नहीं पहचान सकता।

गौरतलब है कि वीरभद्र और उनकी पत्नी के खिलाफ भ्रष्टाचार का यह मामला 3 अगस्त, 2009 को दर्ज किया गया था। यह मामला उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल के समय उनके कैबिनेट मंत्री रहे मेजर विजय सिंह मनकोटिया द्वारा 2007 में जारी की गई एक सीडी के आधार पर दर्ज किया गया था। सीडी में वीरभद्र सिंह और उनकी पत्नी की कुछ अधिकारियों के साथ कथित तौर पर पैसे के लेन-देन की आवाज है।

Related posts

Leave a Comment