
चंबा। भाजपा मंडल चंबा का चुनाव आम सहमति न बन पाने के कारण स्थगित करना पड़ा है। अब वीरवार को दोबारा बैठक रखी गई है। मंगलवार को विद्युत बोर्ड के रेस्ट हाउस में चंबा मंडल भाजपा के अध्यक्ष का चुनाव होना था। इस दौरान जिला भाजपा के कार्यवाहक अध्यक्ष जियालाल कपूर भी मौजूद रहे। यहां मंडल अध्यक्ष पद की दावेदारी करने वालों की संख्या सात तक पहुंच गई। जिलाध्यक्ष ने किसी एक नाम पर सहमति बनाने की कोशिश की, मगर बात नहीं बन पाई। इस पर उन्होंने दो दिन का समय और दिया है। अगर सहमति न बनी तो मंडलाध्यक्ष के पद को लेकर चुनाव की स्थिति पैदा हो सकती है। फिलहाल आम सहमति बनाने की कोशिश चल रही है। मंडलाध्यक्ष पद की दौड़ से मौजूदा मंडलाध्यक्ष विनोद कुमार खुद ही बाहर हो गए हैं। वहीं इस दौड़ में शामिल सात लोगों में कामेश्वर महाजन, धीरज कुमार, टेक सिंह, पवन शर्मा, नरेंद्र गुप्ता, प्रकाश चंद शांडिल और हरमीत सिंह भटियानी का नाम शामिल है। उधर, जिला भाजपा अध्यक्ष जियालाल कपूर ने माना कि आम सहमति न बन पाने के कारण चुनाव स्थगित करना पड़ा है। मंडलाध्यक्ष पद के लिए सात नाम सामने आए हैं। किसी एक पर सहमति बनाने के लिए दो दिन का समय दिया गया है। आगामी बैठक वीरवार को रखी गई है।