
परवाणू (सोलन)। पंचकूला में एक सेब ब्रोकर अपने पूरा साल की मेहनत की कमाई भरोसे के दम पर लुटा बैठा। सेब ब्रोकर परवाणू के सेक्टर-06 में सेब सप्लाई का काम करता था। सेब सीजन में यह मुंबई के एक आढ़ती का सेब भेजता रहा। जब ब्रोकर अपने पैसे लेने आढ़ती के पास पहुंचा तो उसने पैसे देने से इंकार कर दिया। राशि 31 लाख से अधिक है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हेतराम चौहान निवासी पंचकूला हरियाणा का न्यायालय का शिकायत पत्र प्राप्त हुआ। इसमें जाहिर किया गया था कि विष्णु दूबे निवासी मुंबई महाराष्ट्र ने इससे 31,40,527 रुपये की सेब की पेटियां खरीदी थी। मगर शिकायतकर्ता के यह पैसे आढ़ती ने नहीं दिए। पुलिस अधीक्षक प्रेम ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने विष्णु दूबे पर 420 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। छानबीन की जा रही है।