बीआरओ का कमाल, 24 घंटे में रोहतांग फिर बहाल

कोकसर (लाहौल-स्पीति)। भारी बर्फबारी के बावजूद बीआरओ ने रोहतांग दर्रा को एक बार फिर से खोल दिया। बुधवार को 70 तथा 94 आरसीसी के जवानों ने लाहौल क्षेत्र के तमाम मार्गों को यातायात के बहाल किया। इसके चलते घाटी के लोगों ने राहत की सांस ली है। सुबह के समय घाटी का मौसम सुहावना रहा लेकिन दोपहर बाद हल्के बादल मंडराना शुरू हो गए। पारा शून्य होने के बावजूद भी सीमा सड़क संगठन के जवान तथा मजदूर अपने कार्य को अंजाम देते रहे। रोहतांग दर्रा केवल छोटे वाहनों के लिए खुला है। इसके अलावा आगे जाने वालों वाहनों को इस बाबत बाकायदा जाने से पहले प्रशासन से जानकारी लेनी होगी। देर शाम तक जवानों ने कड़ाके की ठंड में सड़क से बर्फ हटाने का काम जारी रखा तथा 24 घंटे के भीतर एक बार फिर रोहतांग दर्रा को यातायात के लिए बहाल कर दिया है। कमांडर योगेश नायर ने इसकी पुष्टि की है। इस बीच कोकसर की ओर से सात यात्रियों ने पैदल ही रोहतांग दर्रा पार किया है। इसकी पुष्टि कोकसर बचाव चौकी के प्रभारी लुदर सिंह ने की है। बताया कि मौसम साफ रहने की सूरत में कोकसर बचाव चौकी दल की सहायता से सात यात्रियों को पैदल रोहतांग दर्रा पार करवाया है। शाम को सभी सुरक्षित मनाली पहुंच गए हैं। पैदल दर्रा पार कर रहे यात्री मानसिंह रावत ने फोन पर बताया कि दोपहर दो बजे के करीब दर्रा पार कर मढ़ी पहुंचे तथा वहां से आगे छोटे वाहन से मनाली गए।

Related posts