बिरोजा फैक्टरी में लगी आग

नाहन (सिरमौर)। जिला मुख्यालय स्थित यशवंत विहार इलाके में शुक्रवार को बिरोजा फैक्टरी के एक हिस्से में आग लग गई। आग बिरोजा टीन के टुकड़ों में लगी। सुबह 11 बजे के आसपास टीन स्क्राप में लगी आग के कारण वहां रखे भारी मात्रा में बिरोजा के खाली पड़े पतरे बुरी तरह से जल गए। आग की इस घटना में फैक्टरी के पास ही बना तारपीन स्टोर बाल बाल बच गया। माना जा रहा है कि अगर आग स्टोर तक पहुंचती तो हादसा अधिक भयानक हो सकता था।
शुक्रवार सुबह बिरोजा फैक्टरी में लगी इस आग की सूचना बाद में जिला फायर कार्यालय को दी गई। सूचना मिलते ही लीडिंग फायर मैन किशोर कुमार अपने 6 अन्य कर्मचारियों के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए। बाद में फायर कर्मचारियों ने लगभग डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान 9 हजार लीटर पानी के एक बड़े वाउजर वाहन को इस्तेमाल किया गया। जिला फायर कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार विभाग ने लगभग 5 लाख की संपत्ति को नष्ट होने से बचाया है।
वहीं बिरोजा फैक्टरी के प्रबंधक चमन लाल ने बताया कि शुक्रवार सुबह फैक्टरी में आग लगने से बिरोजा टीन के पतरों को नुकसान हुआ है। फायर कर्मचारियों तथा फैक्टरी के कर्मचारियों ने आग पर काफी मेहनत के बाद काबू पाया।

Related posts